- खिर्वा मार्ग स्थित मंदिर के पास कुछ युवकों ने कार रुकवा कर की वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना (मेरठ)। खिर्वा गांव के पास बृहस्पतिवार को रंजिश के चलते हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि कुछ युवकों ने कार रुकवाकर दंपती से कहासुनी की और बाद में युवक से मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। घायल को उपचार के लिए मेरठ अस्पताल भेजा गया है।
जनपद मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र निवासी खुर्शीद अपनी पत्नी रफिया के साथ कार से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में खिर्वा मार्ग स्थित मंदिर के पास कुछ युवकों ने उनकी कार रुकवा ली। आरोप है कि युवकों ने रंजिश के चलते खुर्शीद से विवाद शुरू कर दिया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपियों ने खुर्शीद को कार से बाहर निकाल लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसी दौरान एक युवक ने चाकू से वार कर दिया, जिससे खुर्शीद गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया है कि हमलावरों ने कार में भी तोड़फोड़ की और शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग गए।
घटना के बाद रफिया घायल पति को लेकर सरधना थाना पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।