मोदीपुरम। पल्लवपुरम थानाक्षेत्र के गांव पल्हैड़ा निवासी नूर मोहम्मद ने एक अज्ञात आरोपी पर पांच लाख की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पल्हैड़ा निवासी नूर मोहम्मद ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि 11 अप्रैल को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को एक गैंगस्टर का साथी बताते हुए पांच लाख रुपये देने की मांग की। पीड़ित ने मजाक समझकर फोन काट दिया था। आरोप है कि 13 अप्रैल की शाम करीब सात बजे उसी नंबर से लगातार छह बार कॉल की गई थी। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। पैसे नहीं देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल का कहना है कि रंगदारी का मामला नहीं है। पैसे के लेनदेन का मामला प्रकाश में आया है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद