पीड़िता ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र के कसेरूखेड़ा निवासी महिला संजू ने एक सूदखोर युवक पर उसके ठेले पर आकर रुपये मांगने और धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी उसके पति पर रुपये लेने का आरोप लगाकर उससे रकम मांग रहा है। रुपये नहीं देने पर दूसरे बेटे को उठवाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। दो महीने पहले पति नेकराम व बेटे की मौत हो चुकी है।
कसेरूखेड़ा के खटकाना मोहल्ला निवासी महिला संजू ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह प्रभातनगर स्थित एलआईसी के पास पेट्रोल पंप के सामने फ्रूट चाट का ठेला लगाती हैं। महिला के मुताबिक एक व्यक्ति आए दिन उनके ठेले पर आता है और रुपये की मांग करता है। आरोपी का कहना है कि उसके पति ने उससे रुपये लिए थे और अब वह रकम वापस करे। पीड़िता के अनुसार उसके पति की करीब दो महीने पहले मौत हो चुकी है। वहीं उसके बेटे का भी करीब एक महीने पहले निधन हो गया है।
महिला का आरोप है कि आरोपी धमकी देता है कि रुपये नहीं दिए तो उसके बेटे को उठवा देगा और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा देगा। उसके पति का आरोपी से किसी तरह का लेनदेन भी नहीं था। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि शिकायती पत्र के आधार पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।