-परिजनों ने पुलिस से लगाई तलाश की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र से 23 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने दूसरे समुदाय के युवक सिविल लाइन निवासी फैज पर युवती के अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया है।
सिविल लाइन निवासी एक युवक ने थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह सोकर उठे। उन्होंने बेटी के कमरे में जाकर आवाज लगाई। मगर अंदर से कोई आवाज नहीं आई। पिता ने अंदर जाकर देखा तो युवती कमरे में नहीं थी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में युवती की तलाश की थी। लेकिन युवती सुराग नहीं लग सका था।
परिजनों ने युवती की सहेली से मामले को लेकर जानकारी की। यहां उन्हें एक धार्मिक स्थल के इमाम के बेटे फैज के बारे में जानकारी हुई। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने उनकी बेटी का अपहरण कर लिया है। मामले की जानकारी के बाद अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही पीड़ित परिवार को लेकर थाने पहुंचे।पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। कार्यकर्ताओं ने आरोपी की गिरफ्तारी व युवती की तलाश की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों व संगठन के कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत किया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि दोनों की तलाश के लिए एक टीम लगा दी गई है। जल्द दोनों को तलाश लिया जाएगा।