वेस्ट यूपी की सियासी प्रयोगशाला में सीएम योगी ने एक तीर से कई निशाने साधे। उन्होंने किनौनी की जनसभा में जिस तरह से मुजफ्फरनगर दंगे का बार-बार जिक्र किया और विपक्षियों को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की, उससे साफ हो गया कि पार्टी अपने हिंदुत्व के एजेंडे पर अडिग है। दूसरी तरफ मेरठ में वकील, चिकित्सक, सीए, शिक्षक जैसे प्रबुद्घ वर्ग के सामने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और उद्योगों की मददगार सरकार होने की छवि पेश की।
किनौनी में भले ही यह बागपत लोकसभा क्षेत्र की रैली थी, पर योगी ने इसके जरिये वेस्ट की कई अहम सीटों को साधने की कोशिश की। उन्होंने बागपत के अलावा मुजफ्फरनगर, कैराना, सहारनपुर, बिजनौर और मेरठ तक यह संदेश पहुंचाने की कोशिश की। बार-बार मुजफ्फरनगर दंगे का जिक्र किया। नाम लेकर रालोद सुप्रीमो चौधरी अजित सिंह पर निशाना साधा। चूंकि बागपत और मुजफ्फरनगर दोनों ही सीट जाट बहुल हैं, तो योगी ने इसका पूरा ध्यान रखा। इन दोनों ही सीटों पर कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं किया है। ऐसे में यहां सीधा मुकाबला भाजपा बनाम गठबंधन है। गठबंधन की ओर से मुजफ्फरनगर सीट पर अजित सिंह और बागपत से जयंत चौधरी मैदान में हैं। योगी ने दोनों पर खास तौर से फोकस किया। जाति के सहारे चुनावी हवा का रुख साधने की पूरी कोशिश की। मुजफ्फरनगर दंगे पर कहा कि इसकी शुरुआत तब हुई जब दो जाट नौजवानों को बेरहमी से मार दिया गया। बोले कि उस समय अजित सिंह को जाति याद नहीं आई। योगी ने खास तौर पर युवाओं की नब्ज पर हाथ धरने की कोशिश की। सपा-बसपा को सुरक्षा के नाम पर निशाने पर रखा। कहा कि उन सरकारों में सुरक्षा कैसी थी, सबको पता है। हमने बहन-बेटियों की सुरक्षा पर गंभीरता से काम किया।
मुसलमानों के तुष्टीकरण की नीति पर सवाल उठाते हुए योगी ने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार मुसलमानों को प्राथमिकता पर सुविधाएं देना चाहती थी, पर भाजपा ने विरोध किया। कहा कि देश के संसाधनों पर सभी का बराबरी का हक है। उन्होंने देशभक्ति के सहारे भीड़ को साधा। कहा कि इस रैली में ‘भारत माता की जय’ का नारा इतनी जोर से गूंजना चाहिए कि दिल्ली से लेकर यूपी की सभी 80 सीटों और कश्मीर में सेना के जवानों तक इसकी आवाज पहुंचे। इन्हीं जवानों के शौर्य से 130 करोड़ भारतीय सुरक्षित हैं। यहां वह ‘मोदी है तो मुमकिन है’ के नारे को बुलंद करना नहीं भूले।
दूसरी तरफ मेरठ में योगी ने प्रबुद्घ वर्ग के लोगों से रूबरू होकर यह साबित करने की कोशिश की कि वर्तमान सरकार जनहित में और विकास के काम कर रही है। मामला चाहे भ्रष्टाचार का हो या सुरक्षा का, सभी को लेकर भाजपा गंभीर है। उन्होंने आतंकवाद से लेकर विकास तक हर मुद्दे पर इस वर्ग से बात की और तर्क प्रस्तुत किए।
शहीदों के नाम से की शुरुआत
जनता की नब्ज पकड़ते हुए योगी ने शहीदों को नमन किया। कारगिल शहीद राजेंद्र सिंह को याद किया। कहा कि मेरठ क्रांति की भूमि है और यहां कोतवाल धन सिंह गुर्जर ने देश की पहली क्रांति का नेतृत्व किया, यह गौरव की बात है।
विकास का खाका खींचा
रैली और प्रबुद्ध जन सम्मेलन में योगी ने देश और प्रदेश के विकास का खाका खींचकर दिखाया। कहा कि भाजपा ऐसे देश का निर्माण करना चाहती है, जहां हर घर में बिजली, कुकिंग गैस, पेयजल, मुफ्त इलाज जैसी सुविधा हों। देश की सेना सबसे मजबूत हो। हमारी सेना पाक के छक्के छुड़ा रही है। प्रधानमंत्री मोदी के कारण ही यह सब मुमकिन हो पाया है।