भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा से जहां ताकत का अहसास कराने की तैयारी में है तो निगम चुनाव में मुख्य प्रतिद्वंदी दल को तगड़ा झटका भी देने की तैयारी में है। बसपा के मेरठ क्षेत्र के एक बड़े नेता और एक पूर्व विधायक भाजपा में जा सकते हैं। इन दोनों को भाजपा में लाने के लिए उनके करीबी नेता पूरी फील्डिंग जमाये हुए हैं।
बसपा से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके मेरठ महानगर के चर्चित नेता की भाजपा के कुछ नेताओं से नजदीकी छिपी नहीं है। यह बात अलग है कि पिछले दस सालों से यह नेता बसपा में ही राजनीति कर रहे हैं और उनके साथी दल बदल के साथ घूमते हुए अब भाजपा में आ चुके हैं। बसपा में बिना पद के भी इस नेता का कद मेरठ की राजनीति में अच्छा माना जाता है। कैंट क्षेत्र में इनका दबदबा सबसे ज्यादा है। ऐसे में अब इनके करीबी निगम चुनाव में बसपा को तगड़ा झटका देने के लिए उन्हें भाजपा ज्वाइन कराने में जुट गये हैं। पूरी चर्चा है कि शनिवार को योगी आदित्यनाथ की सभा में वह भाजपा ज्वाइन कर महापौर प्रत्याशी कांता कर्दम के लिए प्रचार में जुट जाएं। इसके अलावा बसपा के ही एक पूर्व विधायक भी कल भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं।