कोरोना वायरस महामारी के चलते लाॅकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सहारनपुर पुलिस ने नई मुहिम शुरू की है। इसके लिए खुद पुलिसकर्मी कोरोना हेलमेट पहनकर सड़कों पर बेवजह निकल रहे लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। सोमवार को खुद यमराज भी पुलिस के साथ लोगों को लाॅकडाउन के उल्लंघन और कोरोना वायरस के प्रति सचेत करने के लिए जिले की सड़कों पर उतर आए।
पुलिस प्रशासन के लाख समझाने और सख्ती करने के बावजूद लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं और कोरोना महामारी को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने अब लोगों को समझाने का अनोखा तरीका अपनाया।
सोमवार को सहारनपुर जिले के छुटमलपुर थानाक्षेत्र में कुछ पुलिसकर्मी अपनी पीआरवी के साथ कोराना हेलमेट पहनकर सड़कों पर उतरे जहां उनके साथ यमराज भी नजर आए। यमराज ने पुलिस के साथ सड़कों पर घूमकर लोगों से घर के अंदर रहने की अपील की और चेतावनी दी कि जो लोग लाॅकडाउन का उल्लंघन करेंगे यमराज उन्हें अपने साथ ले जाएंगे।
बता दें कि लाॅकडाउन के पालन को लेकर पुलिस हरसंभव जतन कर रही है लेकिन लोग समझने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में लोगों को समझाने के लिए खुद यमराज के साथ पुलिस पैदल घूमकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने यमराज को साथ लेकर लोगों से घरों में रहने की अपील की। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी चंद्रपाल शर्मा व थाना प्रभारी मनोज चौधरी ने भी सड़कों पर कोरोना हेलमेट पहनकर गश्त की।