- संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता से मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता सतीश चंद्र से मिला और नगर की बिजली से संबंधित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। पत्र सौंपकर नगर में विद्युत आपूर्ति की अत्यंत खराब व्यवस्था एवं अधिकारियों की लापरवाही के संबंध में बताया।
नगर की विभिन्न कॉलोनियों पवन धाम, आकांक्षा कुंज, नालंदा, पंचवटी, भारत एनक्लेव और तहसील परिसर में विगत दिनों से विद्युत आपूर्ति की स्थिति अत्यंत दयनीय एवं असहनीय बनी है। दो-दो बार पूरी रात और कई अवसरों पर 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही, जो सीधे-सीधे विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। 33 केवी लाइन दो बार डाउन हो चुकी है, फिर भी विद्युत विभाग इसका स्थायी समाधान करने में पूर्णतः विफल रहा है। तहसील स्तर के जिम्मेदार अधिकारी उपखंड अधिकारी एवं अवर अभियंता रात में मवाना में उपलब्ध नहीं रहते और समस्त व्यवस्था लाइनमैनों के भरोसे छोड़ दी जाती है।
बारिश के बाद फॉल्ट ठीक करने में पूरी रात सफलता नहीं मिल सकी। भारत एनक्लेव में सुबह 6:00 बजे से शिकायत के बावजूद बिजली 10 बजे चालू हुई, बुड्ढा पीर क्षेत्र में कार्य के दौरान बिना समुचित योजना के पूरा फीडर बंद कर दिया गया, जबकि तकनीकी रूप से केवल जंपर हटाकर सीमित क्षेत्र में कार्य किया जा सकता था। पत्र में 33 केवी लाइन की बार-बार होने वाली खराबी का स्थायी समाधान तत्काल कराया जाए, रात्रि में जिम्मेदार अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, फॉल्ट सुधार कार्य में तकनीकी दक्षता एवं जवाबदेही तय की जाए, अनावश्यक रूप से पूरे फीडर को बंद करने की प्रथा पर रोक लगाई जाए, विभागीय व्हाट्स एप ग्रुप में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के नाम एवं मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाएं ताकि आपात स्थिति में सीधे संपर्क संभव हो सके।
अधिशासी अभियंता ने उपखंड अधिकारी रामजन्म सिंह, अवर अभियंता चंद्रशेखर को कार्यालय में बुलाया और आदेश दिए कि दो नंबर व्हाट्स एप ग्रुप पर डाल दिए जाएं, जिससे उपभोक्ता को कोई शिकायत हो तो वह उन नंबरों पर बात करें। साथ ही जब भी कोई काम होगा तो ग्रुप के माध्यम से सूचना दे दी जाएगी। मिलने वालों में मांगेराम मित्तल, अंकित जैन, रिहान, राजबीर चौधरी उपस्थित रहे।