कम मानदेय देकर अधिक काम कराने का आरोप, डिप्टी लेबर कमिश्नर ने वार्ता कर मामला सुलझाया
-फैक्टरी प्रबंधक को चेतावनी, जल्द समस्या का समाधान करने को चेताया
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। सरधना मार्ग स्थित केमिकल फैक्टरी में शनिवार को ठेकेदारों के अधीन कार्यरत मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। मजदूरों ने वेतन के अनुरूप अधिक काम कराने समेत कई आरोप लगाए। सरधना विधायक अतुल प्रधान भी मौके पर पहुंच गए। मामला बिगड़ने की आशंका देख पुलिस और डिप्टी लेबर कमिश्नर, क्षेत्राधिकारी प्रकाश चंद्र अग्रवाल और नायब तहसीलदार राहुल सिंह मौके पर पहुंचे और कर्मियों से वार्ता की। घंटो वार्ता के बाद मजदूरों की मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया गया।
अक्षय बंसल, संजय आदि के नेतृत्व में मजदूरों ने फैक्टरी परिसर में सुबह धरना शुरू किया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि उनसे अधिक काम लिया जा रहा है, लेकिन उसके अनुरूप वेतन नहीं दिया जा रहा। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन करीब 600 रुपये मानदेय मिलना चाहिए। फंड और बोनस की व्यवस्था, महीने में चार दिन का अवकाश और ओवरटाइम के दोगुना भुगतान की मांग की।
धरने की सूचना मिलने पर सरधना विधायक अतुल प्रधान भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। विधायक ने मजदूरों से बातचीत करके उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की। विधायक ने जिलाधिकारी से वार्ता की। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया। कुछ देर बाद डिप्टी लेबर कमिश्नर राजेश मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने मजदूरों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन के तहत ही मानदेय दिया जाएगा। साथ ही फैक्टरी प्रबंधन को निर्देश दिए कि मजदूरों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान किया जाए।
डिप्टी लेबर कमिश्नर ने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों की मांगों को नजरअंदाज और सरकारी नियमों का उल्लंघन किया तो संबंधित अधिकारियों और प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने मजदूरों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर सोमवार तक सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने फ के सभी ठेकेदारों को सोमवार को अपने कार्यालय पर तलब किया है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद मजदूरों ने धरना समाप्त कर दिया और सभी अपने-अपने काम पर लौट गए। दोपहर के समय में श्रम विभाग से एक टीम फैक्ट्री में जांच करने पहुंची। श्रम विभाग के इंस्पेक्टर शशिकांत पांडे ने बताया कि जांच रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी गई है। अधिकारी जल्द समस्या का समाधान करेंगे।
दौराला - केमिकल दौराला फैक्ट्री में मजदूरों के साथ धरने पर बैठे विधायक अतुल प्रधान। स्रोत: संवा