मेरठ। हापुड़ रोड पर बिजली बंबा बाईपास चौकी से हापुड़ अड्डे पर मार्ग को छह लेन करने का काम तेज हो गया है। इसके दोनों ओर अंडरग्राउंड केबिल के लिए डक बन गई है। इसमें केबिल भी बिछा दिए हैं।
हापुड़ अड्डे चौराहे से बिजली बंबा बाईपास चौराहे तक छह लेन सड़क बनाने के लिए सरकार की मंजूरी के बाद 44.92 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। 4.69 किमी की सड़क को छह लेन करने के लिए सर्वे के बाद इसे स्वीकृत कर दिया गया है। अब काम तेजी से चल रहा है, जनवरी तक इसके पूरा होने की संभावना है। इसमें बीच-बीच में कुछ स्थानों पर पेड़ बाधा बने हुए हैं। तीन-चार स्थानों पर पेड़ों की वजह से कुछ मीटर सड़क चौड़ीकरण नहीं हुआ। सड़क के दोनों ओर डक बनाकर उसमें से केबिल निकाले जा रहे हैं। डिवाइडर का काम भी हापुड़ चुंगी से बिजली बंबा बाईपास तक पूरा हो गया है।
इसके बावजूद मेरठ से हापुड़ जाने वाले वाहनों की रफ्तार बढ़ गई है वहीं हापुड़ से मेरठ की ओर आने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हापुड़ चुंगी के मुख्य चौराहे पर दूर तक सड़क टूटी पड़ी है। नाला निर्माण और कई जगह मार्ग में गड्ढे होने से परेशानी हो रही है।
ये होगा फायदा
सड़क के छह लेन हो जाने के बाद हापुड़ की ओर से आने वाले वाहन चालकों से जाम से मुक्ति मिलेगी। हापुड़ रोड पर मेरठ-बुलंदशहर हाईवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का पांचवां चरण और गंगा एक्सप्रेसवे की सौगात केंद्र सरकार ने दी है। इसे देखते हुए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने सड़क को छह लेन करने का फैसला लिया है।