छह लेन हाईवे पर 20 जनवरी से शुरू होगा काम
मेरठ। पुराना हापुड़ अड्डा चौराहा से बिजली बंबा पुलिस चौकी तक हापुड़ रोड को छह लेन बनाने का काम 20 जनवरी से शुरू होने वाला है। इसकी शुरुआत पेट्रोल पंप के पास से की जाएगी। इस दौरान सड़क किनारे से अतिक्रमण और डिवाइडर को भी हटाया जाएगा। वन विभाग और विद्युत विभाग भी साथ साथ काम करेंगे। एनएच गाजियाबाद ने ठेकेदार को कार्य आदेश जारी कर दिया है।
हापुड़ रोड स्थित बिजली बंबा पुलिस चौकी से पुराना हापुड़ अड्डा होते हुए बेगमपुल तक छह लेन हाईवे बनाया जाएगा। पहले चरण में हापुड़ अड्डा चौराहा से कार्य शुरू किया जाएगा। डिवाइडर को तोड़ा जाएगा। इसके स्थान पर नया डिवाइडर बनेगा। सड़क के दोनों तरफ सर्विस रोड होगी, नाले और फुटपाथ भी बनाए जाएंगे। इसके लिए एनएच गाजियाबाद ने ठेकेदार को कार्य आदेश जारी कर दिया है। उधर सड़क किनारे खड़े पेड़ों को काटने और ट्रांसफार्मर व खम्भे हटाने के लिए विद्युत विभाग और वन विभाग को पत्र लिखे गए हैं। हाईवे बनने के बाद हापुड़ से आने वाले सभी वाहन सीधे बेगमपुल होते हुए एनएच 58 पर पहुंच सकेंगे। आने वाले समय में शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी।
हाईवे बनाने के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। ठेकेदार को कार्य आदेश जारी कर दिया है। वन विभाग को पेड़ और बिजली विभाग को ट्रांसफार्मर व बिजली के खंभे हटाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। - जेडआर खान, अमीन, राष्ट्रीय मार्ग खंड लोनिवि, गाजियाबाद