आय के साथ सुरक्षा का संदेश दे रही महिलाएं
मेरठ। सरकार ने घर-घर तक मास्क पहुंचाने का निर्णय किया है। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत महिलाएं गांव में मास्क बनाकर कोरोना को हराने के लिए तैयार हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अभी तक 200 मास्क गांव में बेच चुकी हैं। इससे उनकी आय बढ़ने के साथ लोगों को सुरक्षा का अहसास हो रहा है।
गढ़ रोड स्थित दतावली गेसुपूर गांव निवासी सोहनवीरी अपने साथ दस महिलाओं को लेकर मास्क बनाने में जुटी हैं। हाल ही में उन्होंने मास्क तैयार कर परियोजना निदेशक भानु प्रताप सिंह को सौंपे थे। इस कार्य के लिए उनकी सराहना की जा रही है । इस स्वयं सहायता समूह को सिंडिकेट बैंक से एक लाख रुपये का लोन मिला है। स्वयं सहायता समूह की ओर से दो तरह के मास्क तैयार किए जा रहे हैं। ये 12 एवं 25 रुपये के उपलब्ध हैं। इन मास्क को बेचने के बाद 1200 रुपये का लाभ भी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिला है।