कंकरखेड़ा/मेरठ। थाने के सामने शुक्रवार शाम एक महिला ने अपने बेटे के साथ मिलकर पड़ोसी अंकित पर थप्पड़ जड़ दिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पीड़ित ने शनिवार को मामले की शिकायत एसएसपी से की है।
सरधना रोड स्थित नगलाताशी गांव निवासी अंकित ने एसपी डॉ. विपिन ताडा को शनिवार को बताया कि छह अक्टूबर को पड़ोस में रहने वाले एक युवक व उसके परिवार ने घर में घुसकर उसकी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया था। जिसकी शिकायत पीड़ित ने थाना पुलिस से की थी। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में लग गई थी। पीड़ित का आरोप है कि शुक्रवार को पुलिस ने फोन कर थाने बुलाया था।
जहां पुलिस ने पीड़ित को बताया कि दूसरे पक्ष को भी थाने पर बुलाया गया है। दोनों पक्ष बात कर थाने से बाहर आ रहे थे। इसके बाद आरोपी पक्ष की महिला व उसके बेटे ने युवक का रास्ता रोक लिया। आरोपी बेखौफ होकर अंकित के थप्पड़ जड़ने लगे। किसी राहगीर ने यह घटना मोबाइल में कैद कर ली और वीडियो वायरल कर दिया। पीड़ित ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। जनसुनवाई कर रहे सीओ संतोष सिंह ने पीड़ित को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।