संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। रोहटा फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने स्कूटी सवार नर्सिंग स्टाफ रूपा तोमर को टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल के पति ने रोडवेज बस चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए कंकरखेड़ा थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई।
रोहटा रोड स्थित नारायण गार्डन निवासी संजीव ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी पत्नी रूपा गढ़ रोड स्थित मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग स्टाफ हैं। 22 अगस्त की दोपहर करीब दो बजे उनकी पत्नी स्कूटी से ड्यूटी के लिए घर से निकली थी। पीड़ित के अनुसार, रोहटा फ्लाईओवर के पास पहुंचते ही रोडवेज बस ने नर्सिंग की स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर गई और बस के नीचे आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। वह अस्पताल में भर्ती है। सीओ दौराला शिव ठाकुर का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।