संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। पूठखास गंगनहर पुल पर बृहस्पतिवार शाम एक महिला ने गंगनहर में छलांग लगा दी। महिला को पानी में कूदते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया। पुल पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल गोताखोर की मदद से महिला को गंगनहर से सकुशल बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ कर उसके परिजनों को सूचना दी और महिला को उनके सुपुर्द कर दिया।
बताया गया कि अट्टा गांव निवासी महिला बृहस्पतिवार शाम किसी बात को लेकर परेशान होकर पूठ खास गंगनहर पुल पर पहुंची थी। महिला कुछ देर पुल पर खड़ी रही। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उसने गंगनहर में छलांग लगा दी। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी। गंगनहर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल गोताखोर को मौके पर बुलाया। गोताखोर ने पानी में तलाश कर महिला को बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस ने महिला से घटना के संबंध में जानकारी ली और उसके परिजनों को मौके पर बुलाया। महिला को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि महिला परेशान नजर आ रही थी। पुलिस ने समय रहते उसे गंगनहर से बाहर निकाल लिया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।