सरधना। गांव कपसाड़ गांव में बुखार का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। जिसके चलते बुखार पीड़ितों की मौत सिलसिला जारी है। जहां स्वास्थ्य विभाग लगातार शिविर लगाकर जांच करते हुए उपचार कर रहा है। वहीं, बुधवार को एक और ग्रामीण महिला की बुखार से मौत हो गई। इसके अलावा भी गांव में सैकड़ों ग्रामीण बुखार की चपेट में हैं। विभाग द्वारा कराई गई जांच में भी कई लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। एक बार फिर गांव में बुखार से मौत को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।
गांव कपसाड़ निवासी अंजू (31) पत्नी चिंटू उर्फ विनोद को एक सप्ताह से बुखार हुआ था। पहले कई दिनों तक गांव में ही निजी चिकित्सक द्वारा उपचार कराया गया। हालत बिगड़ने पर परिजन सरधना के एक निजी अस्पताल में ले गए। पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में महिला का उपचार चल रहा था, लेकिन सुधार नहीं हुआ। बुधवार को अचानक उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। बुखार से एक ओर मौत होने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, अब तक लगभग 30 से अधिक ग्रामीणों की मौत बुखार के कारण हो चुकी है। सैकड़ो लोग बुखार से पीड़ित हैं। बुखार से मरने वालों में बुजुर्ग, युवा, महिला व बच्चे शामिल हैं। गांव में लगातार हो रही मौत को लेकर स्वास्थ्य विभाग असमंजस की स्थिति में है। चिकित्सकों की टीम बुखार पीड़ितों का उपचार कर रही है। इसके अलावा गांव में सफाई, दवाई स्प्रे व फॉगिंग का कार्य भी जारी है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. संदीप कुमार का कहना है कि गांव में लगातार स्वास्थ्य टीम जांच और उपचार का कार्य कर रही है। बुखार से हुई मौत के बारे में जानकारी ली जा रही है।