केंटर की टक्कर से महिला की मौत, बेटा घायल
मुंडाली (मेरठ)। मुंडाली थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम किठौर-हापुड़ मार्ग पर गांव अटौला के पास बाइक व केंटर की टक्कर में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। केंटर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। किठौर थाना क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर निवासी बाबर पुत्र रियाजुद्दीन अपनी मां आसमां को बाइक पर बैठाकर पिलखुवा जा रहा था। अटौला के पास एक केंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आसमां की मौके पर मौत हो गई और बाबर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर एसओ मुंडाली विनोद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और आसमां को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा, जबकि घायल बाबर को उपचार के लिए मेडिकल में भर्ती कराया गया।