खरखौदा। एक माह से अपने मायके में रह रही विवाहिता की शनिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचित किए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने ऐसी किसी भी घटना से इनकार किया है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का विवाह 2018 में नोएडा के गांव बादलपुर में हुआ था। विवाहिता का पति सीआईएसएफ में है और इस समय चेन्नई में तैनात है। लॉक डाउन के बाद विवाहिता करीब एक माह पहले अपने एक साल के बेटे को लेकर मायके आ गई थी। ग्रामीणों में चर्चा है कि विवाहिता ने शनिवार देर शाम पति से फोन पर बात की थी। इसके बाद रात करीब दो बजे विवाहिता ने घर में रखी अपने भाई की पिस्टल से गोली मार ली। परिजन विवाहिता को गंभीर हालत में लेकर मेरठ अस्पताल के चले, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजन विवाहिता के शव को घर वापस ले आए। सूचना पर रात में ही ससुराल पक्ष से कुछ लोग पहुंच गए थे। बाद में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति के बाद पुलिस को बिना बताए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष बिष्ट ने बताया कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी पुलिस को नहीं मिली है।