महिला ने गैंगरेप की शिकायत एसएसपी से की, सीओ को 24 घंटे में जांच कर रिपोर्ट सौंपने के आदेश
किठौर। क्षेत्र की एक महिला की वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवक द्वारा साथियों संग दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़िता ने एसएसपी से मामले की शिकायत की है। एसएसपी ने सीओ किठौर को जांच सौंपते हुए 24 घंटे में रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। वहीं, पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
महिला ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र में बताया कि पड़ोस के ही एक युवक का घर पर आना-जाना था। 18 अक्तूबर को उसके घर वाले कहीं बाहर गए हुए थे। तभी वह युवक आया और उसे कुछ मिठाई और एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल दे गया। जिसे खाने वह बेहोश हो गई। रात में जब उसकी आंख खुली तो उक्त युवक उसके पास मिला। शोर मचाने पर युवक ने उसकी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी और उसके साथ दुष्कर्म किया। युवक ने उससे करीब 10 लाख रुपये तथा कई तोले सोना हड़प लिया। 18 मई को ससुराल वाले बाहर गए थे, तभी वह अपने दोस्तों को लेकर घर में घुस आया और सभी ने बारी-बारी दुष्कर्म किया। महिला ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
सीओ बृजेश कुमार का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। महिला रंजिश में गैंगरेप का आरोप लगा रही है। एक बीडीसी सदस्य पर भी महिला ने गैंगरेप का आरोप लगाया है।