ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के नूरनगर हाल्ट पर महिला की आत्महत्या की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची
मेरठ। नूरनगर हॉल्ट पर मंगलवार शाम महिला शाहीन ने मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार महिला की फोन पर पति से कुछ बात हो गई थी। शाम को महिला बच्चों को ट्यूशन छोड़ने की बात कहकर गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को पीएम के लिए भेज दिया।
बृहमपुरी थाना क्षेत्र की डी-ब्लॉक की समर कॉलोनी निवासी सईद अहमद ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे किस्मत की शादी लगभग दस वर्ष पूर्व शाहीन से हुई थी। शादी के बाद दोनों के एक बेटी नौ वर्ष की रमिया व बेटा तीन वर्ष का जकी है। बेटा किस्मत तीन साल से दुबई की एक कंपनी में एसी रिपेयर का काम करता है। काम की वजह से बेटा काफी समय से वापस भारत नहीं आया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को शाहीन की पति से फोन पर कुछ बात हो गई थी। इस दौरान दंपती में फोन पर विवाद हो गया था। शाम के समय महिला बच्चों को ट्यूशन छोड़ने की बात कहकर घर से गई थी। महिला बच्चों को ट्यूशन छोड़कर नूरनगर हॉल्ट पर पहुंच गई थी। महिला दिल्ली से मेरठ की तरफ आ रही मालगाड़ी के सामने कूद गई। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना के बाद बृहमपुरी व लिसाड़ी गेट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के परिजनों को फोन कर मामले की जानकारी दी। सूचना पर परिजन भी मौके पर आ गए। सीओ बृहमपुरी सौम्या अस्थाना का कहना है कि घटना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने महिला के शव को पीएम के लिए भेज दिया।