उत्तर प्रदेश के बिजनौर में हल्दौर थानाक्षेत्र में महिला ने गृहक्लेश के चलते अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा ली। चीख-पुकार सुनकर मोहल्लेवासियों ने आग बुझाई और उसे निजी चिकित्सक के यहां ले गए। उपचार के लिए ले जाते समय महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर शव परिजनों को सौंप दिया।
गांव मुकरपुर सत्ती निवासी ब्रजपाल की शादी 16 वर्ष पूर्व स्योहारा क्षेत्र के गांव नंगली निवासी तारावती (38) के साथ हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार महिला का पति शराब पीने का आदी है। आरोप है कि महिला पति को शराब पीने से मना करती थी। इस बात को लेकर दंपती में अक्सर विवाद होता होता रहता था। पति उसके साथ मारपीट भी करता था।
यह भी पढ़ें: तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़: अपराधियों को सप्लाई करता था शातिर समीर, जेल में बंद कुख्यात करते हैं मदद
सोमवार की रात शराब पीने को मना को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। पति ने उसके साथ गाली गलौच व मारपीट की और घर से बाहर चला गया। इसके बाद महिला ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली।
महिला की चीख पुकार सुनकर मोहल्लेवासी दौड़कर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई, और उसे उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां ले गए। रास्ते में ही महिला की मौत हो गई। महिला के दो बच्चे हैं।
मामले की सूचना महिला के मायके वालों को दी। सूचना पर महिला के मायके वाले पहुंचे। थाना प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह का कहना है कि महिला के मायके वालों ने ससुरालियों के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है। परिजन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहते। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव उसके परिजनों को सौंप दिया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/