महिला की तहरीर पर पति समेत तीन पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली रोड के शॉप्रिक्स मॉल में एक महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति समेत तीन लोगों पर मारपीट, सिर फोड़ने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन आरोपियों पर मारपीट व छेड़छाड़ की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
किठौर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने मंगलवार को ब्रह्मपुरी थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 31 अगस्त को वह शॉप्रिक्स मॉल गई थी। वहां उसका पति रमित, आयुष व उसकी पत्नी राशिका उसे मिल गए। आरोप है कि आरोपियों ने उसके गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगी। इसके बाद मामला शॉप्रिक्स चौकी तक पहुंचा। महिला ने आरोपियों पर चौकी पर भी पिटाई का आरोप लगाया है।
आरोपी आयुष ने उसके साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता अनुसार पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश कर चुका है। इसके अलावा पति उस पर तलाक देने की धमकी भी देता है। सीओ ब्रह्मपुरी रामप्रकाश ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-