सरूरपुर। उधार दिए रुपये वापस मांगने पर महिला और उसके परिजनों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना सरूरपुर में दर्ज कराई गई शिकायत में गांव निवासी मोहम्मद अली पुत्र जबरदीन ने बताया कि उसकी भाभी शहनाज पत्नी दिलशाद ने गांव के ही एक व्यक्ति को कुछ माह पहले रुपये उधार दिए थे। कई बार मांगने के बावजूद रुपये वापस नहीं किए।
पीड़ित के अनुसार मंगलवार को शहनाज रुपये मांगने के लिए आरोपी के घर पहुंची थी। इसी बात पर आरोपी और उसके साथ मौजूद दो अन्य लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट कर दी। शोर सुनकर शहनाज की बेटी सुल्ताना और उसकी चचेरी बहन नाजरीन मौके पर पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना के दौरान तीनों महिलाओं को चोटें आईं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सरफराज और उसके दो रिश्तेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।