सरेशाम हुई वारदात पर लोगों का गुस्सा फूट गया। लोगों ने शव हाईवे पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सूरजमल का आरोप है कि उनके बेटे प्रदीप की पत्नी के एक युवक से अवैध संबंध थे। पत्नी और प्रेमी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। देर रात तक पुलिस जांच में जुटी थी।
प्रदीप की हत्या में पत्नी को नामजद कराया गया। इसके चलते पुलिस की जांच भी उलझ गई। चश्मदीद लोगों ने बताया कि बाइक पर दो बदमाश आए और ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर प्रदीप की हत्या कर फरार हो गए। जिस पर पुलिस ने रंजिश का रिकॉर्ड भी खंगाला। इस मामले को लेकर देर रात तक थाने में गहमागहमी रही।
एसओ टीपीनगर दिनेश चंद के मुताबिक जनवरी 2019 में शोभापुर निवासी नितिन ने प्रेमिका के साथ टीपीनगर में आकर खुदकुशी कर ली थी। नितिन और प्रदीप गहरे दोस्त थे। इस मामले में प्रदीप पर आरोप लगे थे।
पुलिस इसी बिंदु पर जांच करने में जुटी थी। तभी प्रदीप के पिता सूरजमल थाने पहुंचे और आरोप लगाया कि प्रदीप की पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी महिला के मोबाइल को खंगाला तो पूरा माजरा सामने आ गया।
प्रदीप ने भी प्रेम प्रसंग में महिला से शादी की थी। वह होटल में काम करता था जहां उसकी मुलाकात महिला से हुई थी। शादी के बाद से ही पत्नी का एक अन्य युवक से प्रेम प्रसंग हो गया। इस बात को लेकर प्रदीप का अक्सर पत्नी से झगड़ा होता था।
इसके चलते वह शोभापुर से टीपीनगर आकर यहां रहने लगे थे। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि महिला प्रेमी से शादी कर चुकी थी और पहले पति प्रदीप को रास्ते से हटाना चाहती थी। इसलिए उसने प्रेमी संग मिलकर साजिश रची और उसकी हत्या करवा दी।
प्रदीप अपने भाई और बहन से छोटा था। प्रदीप की मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके प्रेमी की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है।