पति ने पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस दौरान मौके पर महिला के परिजन और पड़ोसी पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया। मृतका के भाई ने दंपति के बीच आपसी विवाद होने की बात हत्यारोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया जाता है कि पत्नी की हत्या के पीछे घर में चल रहे विवाद को माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गांव जानी कलां निवासी अरशद मोबाइल टावर की ठेकेदारी करता है। उसका विवाह करीब 22 साल पहले पड़ोस में रहने वाली तसलीम से हुआ था। उसके चार पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे अरशद के घर से उसकी पत्नी तसलीम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और तसलीम के परिजन मौके पर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर सबकी चीख निकल गई। खून से लथपथ तसलीम आंगन में पड़ी तड़प रही थी। उसके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे। लोगों को देख अरशद खून से सना चाकू लेकर मौके से फरार हो गया। बदहवास परिजन घायल तसलीम को कार में डालकर अस्पताल के लिए लेकर निकले। लेकिन तसलीम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।