कैंट इलाके में नीली बत्ती लगी कार में दूसरी महिला के साथ घूम रहे तहसीलदार को उनकी पत्नी ने पकड़ लिया। यह देखकर तमतमाई पत्नी ने दोनों की सरेआम पिटाई भी कर दी। सूचना पर पहुंची सदर बाजार पुलिस तीनों को थाने ले आई। वहां भी महिला ने करीब घंटे भर हंगामा काटा। महिला ने तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मामला प्रशासनिक अफसर से जुड़ा बताते हुए जांच के बाद ही कार्रवाई की बात कही है।
आरोप है कि लखनऊ निवासी तहसीलदार का दौराला क्षेत्र के एक गांव की महिला से संबंध है। बताया गया कि महिला के पति की मौत हो चुकी है। तहसीलदार ने महिला को फोन करके रुड़की रोड स्थित टैंक चौराहे पर बुलाया। यहां से वह उसके साथ नीली बत्ती कार में घूमने निकल गए। उधर, तहसीलदार की पत्नी को इसकी भनक लगी तो वह भी एक रिश्तेदार के साथ कैंट क्षेत्र में पहुंच गईं। पत्नी ने नीली बत्ती लगी कार का पीछा शुरू कर दिया।
पत्नी को सामने देख उड़े तहसीलदार के होश
रजबन बाजार चौराहे पर उन्होंने तहसीलदार को महिला के साथ देखा। इस पर पति की कार के आगे अपनी कार अड़ा दी। पत्नी को सामने देख तहसीलदार के होश उड़ गए। महिला ने शोर मचाते हुए पति और उसकी साथी महिला की पिटाई शुरू कर दी। सरेआम मारपीट होते देखकर वहां भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंचे एसएसआई सदर बाजार धर्मेंद्र कुमार तीनों को थाने ले आए, जहां करीब एक घंटे तक हंगामा चला। बाद महिला ने पति और उसकी साथी के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर सदर बाजार गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल, इस मामले की प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है।