माछरा। मेरठ से गढ़ के बीच चल रहे निर्माणाधीन हाईवे (709ए) के निर्माण कार्य में तेजी आई है। जिन हिस्सों में भराव कर सड़क बनाने का काम पूरा हो गया है, वहां सड़क बनाने का काम किया जा रहा है। गांव हसनपुर को पार करने के लिए बनाए जा रहे बाईपास का काम लगभग 60 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।
मेरठ-गढ़ हाईवे का चौड़ीकरण होने से जहां गढ़ और मेरठ के बीच यातायात में सुधार होगा, वहीं इस मार्ग पर पड़ने वाले लगभग 40 गांवों के लोगों को सुविधा मिल सकेगी। ऐसे में इसके निर्माण को जल्द पूरा किए जाने की मांग उठ रही है। गांव हसनपुर को पार करने के लिए चार किमी लंबा बाईपास बनाया जा रहा है। यह बाईपास मेरठ के गांव माछरा से शुरू होकर हसनपुर गांव के बाहर मुख्य रोड से जुड़ेगा। बाईपास पर माछरा, अमरपुर गांव आदि के पास तीन अंडरपास भी बनाए जा रहे हैं। अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन अभी इसके दोनों तरफ सड़क बनाने की तैयारी चल रही है। वहीं, बाईपास का निर्माण पूरा करने के लिए छह महीने का समय दिया गया है। इसके अलावा सिसौली गांव के पास बनने वाले इंटरचेंज के निर्माण के लिए अधिगृहीत की गई भूमि पर कब्जे को लेकर तारबंदी कर दी गई है।
बाईपास बनने से यातायात में होगा सुधार
बाईपास का निर्माण पूरा होने से गढ़-मेरठ रोड पर यातायात में भी सुधार होगा। किठौर और हसनपुर में जाम की स्थिति से लोगों को राहत मिल सकेगी। वहीं, शाहजहांपुर में जाम के कारण वाहनों को निकलने में घंटों का समय लग जाता था। यहां बाईपास बनने के बाद लोगों को जाम में नहीं फंसना पड़ेगा।
जल्द कार्य पूरा करने पर जोर
सडक निर्माण अधिकारी ने बताया कि गढ़ गंगा कार्तिक मेले के दौरान इस मार्ग से लाखों की संख्या में भैंसा-बुग्गी और ट्रैक्टर-ट्राली में सवार लोग इस मार्ग से गुजरेंगे। ऐसे में इस मार्ग पर कार्य के दौरान होने वाले डायवर्जन के कारण आने-जाने वालों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक कार्य जल्द पूरा किया जा सके।