शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने पर युवती ने फिर की मुख्यमंत्री से शिकायत, आत्मदाह की चेतावनी
खरखौदा। करीब 10 दिन पहले गांव फफूंडा निवासी युवती ने मुख्यमंत्री सहित पुलिस प्रशासन को गांव में सट्टे की खाई बाड़ी व अवैध हथियारों की तस्करी करने की शिकायत की थी। इस पर आरोपी पक्ष ने युवती को जान से मारने की धमकी दी तथा उसके मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे जला दिए। पीड़िता ने फिर से पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद एक बार फिर से पीड़िता ने सीएम समेत पुलिस विभाग के आला अधिकारियों को शिकायत करते हुए कार्रवाई न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
गांव फफूंडा निवासी पूनम शर्मा के अनुसार उसने करीब 10 दिन पहले गांव में सट्टे की खाई बाड़ी करने व अवैध हथियारों की तस्करी करने के मामले में पुलिस प्रशासन समेत मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपी पक्ष को शिकायत की जानकारी हुई तो उन्होंने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी तथा उसके मकान के बाहर लगे कैमरे जला दिए। इस मामले में पूनम ने सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाते हुए थाने में तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब पीड़िता ने मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है तथा कार्रवाई ना होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।