माइनर की पटरी टूटने से गेहूं की फसल जलमग्न
परीक्षितगढ़। नगर के समीप राधना माइनर की पटरी टूटने से एक दर्जन से अधिक किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जलमग्न हो गई। वहीं, किसानों ने किसी तरह रजबहे की पटरी को बंद कर सिंचाई विभाग से शिकायत की।
राधना माइनर की पटरी कच्ची होने के कारण कई बार टूट जाने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सोमवार रात माइनर की पटरी टूटने से किसान रणवीर, प्रमोद, महावीर, महेश त्यागी, सोनू त्यागी, इकरामुद्दीन व चरण सिंह की दर्जनों बीघा गेहूं की फसल डूबने से भारी नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, किसानों ने जेसीबी मंगाकर पटरी की मरम्मत कराते हुए पानी बंद किया। किसानों का कहना है कि बार-बार पटरी टूटने की शिकायत सिंचाई विभाग व तहसील दिवस पर कर चुके हैं, लेकिन कोई अधिकारी इस और ध्यान नहीं दे रहा है। जिसके चलते किसानों की फसल जलमग्न होने से बर्बाद हो रही है। किसानों ने सिंचाई विभाग से माइनर की पटरी पक्की कराने की मांग की है।