मेरठ। पश्चिमी यूपी सब एरिया की ओर से बृहस्पतिवार को कैंट क्षेत्र में स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों व विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इसमें खेल व विज्ञान के क्षेत्र में कार्य करने वाले खिलाड़ियों का विशेष सम्मान हुआ।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश सब एरिया की ओर से अब्दुल हमीद सैनिक संस्थान में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर लेफ्टिनेंट जनरल अनिंध्य सेन गुप्ता, मेजर जनरल सुमित राणा, ब्रिगेडियर संजीव कुमार सिंह ने आर्मी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों व विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में आर्मी पब्लिक स्कूल की अंडर 15 फुटबाल टीम की राष्ट्रीय स्तर पर शानदार विजय तथा शक्ति सैट अभियान के अंतिम चरण में चयनित छात्रा रिया पंवार व लावण्या का सम्मान किया गया। फुटबाल टीम को 65वें सुब्रतो मुखर्जी फुटबाल कप में चुने जाने के लिए बधाई दी गई। वहीं दोनों छात्रा उत्तर प्रदेश से चयनित प्रतिनिधियों के रूप में विश्व के 108 देशों के प्रतिभागियों के साथ ग्लोबल स्पेस एवं एसटीईएम वर्कशॉप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके लिए उन्हे बधाई दी गई।