फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पश्चिमी यूपी में कोरोना टीकाकरण का पूर्वाभ्यास शुरू, मेरठ में छह स्थानों पर होंगे सेशन, पंजीकरण जरूरी

Tue, 05 Jan 2021 11:04 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
कोरोना वैक्सीन का पूर्वाभ्यास, बागपत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मेरठ समेत पश्चिमी यूपी  के विभिन्न जिलों में कोरोना से बचाव के लिए होने वाले टीकाकरण को लेकर आज अलग अलग स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह 10 बजे से पूर्वाभ्यास शुरू हो गया। मेरठ में मेडिकल में प्लास्टिक सर्जरी वार्ड और न्यू ब्लॉक सर्जरी (एनबीएस) वार्ड तैयार किया गया, जबकि सुभारती में सर्जरी और ऑर्थो ओपीडी में वार्ड बनाया गया। इसी तरह अन्य जिलों में भी कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण के पूर्वाभ्यास के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलर्ट हैं।
विज्ञापन


यहां होगा पूर्वाभ्यास
मेरठ मेडिकल कालेज में दो जगह, सुभारती मेडिकल कालेज दो, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाकिर कालोनी में एक, संतोष नर्सिंग होम हापुड़ रोड में एक, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पांचली खुर्द में दो, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौराला व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माछरा में दो-दो। इसके लिए मजिस्ट्रेट को नोडल अधिकारी बनाया गया है। मॉकड्रिल में कोरोना टीकाकरण के लिए की गयी तैयारियों की जांच और सुधार के बारे में पता चलेगा। हर सेशन में 25 टेस्ट लाभार्थी वहां मौजूद हैं। हर लोकेशन पर तीन रूम हैं, जिसमें वेटिंग रूम, सेपरेट वैक्सीनेशन रूम और ऑब्जर्वेशन रूम है। वैक्सीनेटर कार्ड और सुपरविजन फार्म भी भरवाया जा रहा है।
 
28 कोल्ड चेन हैं तैयार
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम ने बताया कि जनपद में एक जिला वैक्सीनेशन स्टोर (डीवीएस) जिला अस्पताल में है, 27 अन्य कोल्डचेन हैं। वैक्सीनेटर का प्रशिक्षण करा दिया गया है। जिला स्तर पर इसके लिए बनाए गए कंट्रोल रूम का नंबर 0121-2662244 है।
विज्ञापन

टीकाकरण के लिए पंजीकरण जरूरी
जिलाधिकारी के. बालाजी ने कहा कि टीकाकरण के लिए आने वाली वैक्सीन के लिए सभी कोल्डचेन पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। टीकाकरण के लिए लाभार्थी का पूर्व पंजीकृत होना जरूरी है। पहले टीके के 28 दिन बाद दूसरा टीका लगाया जाएगा। पहले चरण में अब 18750 सरकारी व प्राईवेट स्वास्थ्यकर्मियों (9750 प्राईवेट व 9000 सरकारी) का टीकाकरण किया जाएगा। जिसके लिए चिन्हांकन कर डाटा कोविन पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। टीकाकरण के लिए 69 सेशन होंगे।

सहारनपुर: छह स्थानों पर ट्रायल
सहारनपुर जनपद में कोरोना वैक्सीन को लेकर शासन के साथ ही विभागीय स्तर पर तैयारी जारी है। वैक्सीन कैसे लगानी है? इसका ट्रायल आज जनपद में छह स्थलों पर किया जा रहा है, जिसकी तैयारियों में चिकित्सा विभाग के अधिकारी कई दिन से लगे हुए थे।

कोरोना वैक्सीन रखने के लिए विशेष कोल्ड चेन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। सेंटर का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है। चूंकि सेंटर तैयार नहीं है और वैक्सीन लखनऊ से जल्द आ सकती है। ऐसे में अस्थाई कोल्ड चेन सेंटर भी तैयार है। जनपद में करीब छह लाख सिरिंज पहले ही पहुंच चुकी हैं।

फिलहाल 580 स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। अब कोरोना वैक्सीन को लगाते वक्त क्या सावधानियां बरतनी हैं। इसका ट्रायल किया जा रहा है। जनपद में कुल छह जगहों पर ट्रायल होगा, जिनमें तीन शहर और तीन देहात के स्थल चयनित किए गए हैं। प्रत्येक ट्रायल स्तर पर एक नोडल अधिकारी और पांच सदस्यों की टीम रहेगी। टीम में स्वास्थ्यकर्मियों के साथ ही पुलिसकर्मी और आंगनबाड़ी भी मौजूद हैं।

इन जगहों पर होगा ट्रायल
एसबीडी जिला अस्पताल परिसर, पुराना अस्पताल नेहरू मार्केट, बाजोरिया रोड स्थित तारावती अस्पताल, सीएचसी सरसावा, सीएचसी रामपुर मनिहारान,सीएचसी पुवांरका।

कोरोना वैक्सीनेशन के लिए मंगलवार को जनपद में छह जगहों पर ट्रायल होना है, जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। ट्रायल के दौरान प्रत्येक स्थान पर एक नोडल और पांच सदस्यों की टीम रहेगी।- शिवांका गौड़, नोडल अधिकारी।

बागपत: छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीनेशन का ट्रायल
बागपत जनपद में सभी छह सीएचसी पर वैक्सीनेशन का ट्रायल किया जा रहा है। प्रत्येक सीएचसी पर दो सत्र लगाए जाएंगे। प्रत्येक सत्र में 25-25 लाभार्थियों को सत्र पर बुलाया जाएगा।

जिले में प्रथम चरण में पांच हजार स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कर्मचारियों का डाटा कोविन पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है और स्वास्थ्य कर्मी व सुरक्षा कर्मियों का प्रशिक्षण पूरा हो गया है।

पूर्वाभ्यास में पहुंचे लाभार्थी का सत्र के प्रथम कक्ष में लाभार्थी की जांच की जाएगी। दूसरे कक्ष में लाभार्थी का टीकाकरण कर तीसरे कक्ष में लाभार्थी का मोबाइलेशन किया जाएगा।

ऐसे टीकाकरण का पूर्वाभ्यास
टीकाकरण के लिए पूर्वाभ्यास में सत्र के पहले पक्ष में लाभार्थी के नाम, आधार कार्ड व पतें की जानकारी कर उसका सत्यापन किया जाएगा। दूसरे कक्ष में लाभार्थी का टीकाकरण किया जाएगा और तीसरे कक्ष में लाभार्थी को आधे घंटे तक मोबिलाइजर द्वारा निगरानी की जाएगी।

जिले में पांच जनवरी को होने वाले टीकाकरण के पूर्वाभ्यास की तैयारियां पूरी कर ली गई है। टीकाकरण के पूर्वाभ्यास के लिए सभी सीएचसी का निरीक्षण कर अधीक्षकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए है। - सीएमओ डॉ आरके टंडन।   
विज्ञापन

मुजफ्फरनगर: ड्राई रन में 300 स्वास्थ्य कर्मी होंगे शामिल
मुजफ्फरनगर जनपद में कोरोना से बचाव के लिए आ रही वैक्सीन के लिए आज से ड्राई रन होगा। जनपद में जिला चिकित्सालय सहित छह स्थानों पर टीकाकरण का पूर्वाभ्यास होगा। पुलिस की सुरक्षा में यह पूर्वाभ्यास किया जा रहा है, जिसके लिए 300 स्वास्थ्यकर्मियों को चुना गया है।

सीएमओ डॉ. प्रवीण चोपड़ा ने बताया कि आज से जनपद में कोरोना वैक्सीनेशन के लिए ड्राई रन (पूर्वाभ्यास) होगा। इसके लिए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव निगम को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जनपद में छह स्थान चयनित किए गए हैं। शहर में जिला चिकित्सालय के अलावा शांति मदन हॉस्पिटल, देहात में मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर, मखियाली, शाहपुर और खतौली सीएचसी में वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास होगा।

डॉ. राजीव निगम ने बताया कि ड्राई रन में सारी प्रक्रिया टीकाकरण जैसी ही होगी, लेकिन डोज के बिना यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सभी छह स्थानों पर सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक दो सत्रों में ड्राई रन होगा। एक स्थान पर ड्राई रन के लिए तीन सदस्यीय टीम रहेगी। इनमें एएनएम टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी करेगी।

प्रत्येक स्थान पर 50-50 हेल्थ वर्करों को पूर्वाभ्यास के लिए चुना गया है। इनमें आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों के कर्मचारी एवं चिकित्सक शामिल हैं। इन लोगों को अपनी आईडी पहचान के लिए ले जानी होगी। हर स्थान पर वैक्सीनेशन रूम और विश्राम के लिए व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पुलिस भी तैनात रहेगी। पुलिस कर्मियों को भी प्रशिक्षण दिया गया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें