मुजफ्फरनगर जनपद में गुरुवार को बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर दो ट्रकों की आमने -सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों के चालकों की मौत हो गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बुढ़ाना में होटल के पास बृहस्पतिवार तड़के दो ट्रकों में आमने-सामने की टक्कर हुई। हादसे में दोनों ट्रक चालकों की मौत हो गई। एक चालक की शिनाख्त शाहपुर के निरमानी गांव निवासी भूरा (34) पुत्र शेरजान और दूसरे की शिनाख्त राजस्थान के झुंझनू जिले के गांव ओजटू निवासी लक्ष्मीकांत (36) पुत्र सुभाष चंद्र के रूप में हुई। दोनों के परिजनों को सूचना दी गई है।
मेरठ में ससुर की दूसरी पत्नी की बेटियों और उनके एनआरआई पति के खिलाफ मेडिकल थाने में 1.20 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
प्रताप विहार निवासी अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना ने मेडिकल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि उनके ससुर एल ब्लाॅक निवासी राजा मोहन सिन्हा ने दो शादी की थीं। पहली पत्नी से बेटी मनीषा, बेटा विशाल और विकास हैं। दूसरी पत्नी से बेटी पूजा सक्सेना और बेटे विवेक सिन्हा हैं। संजय ने बताया कि पूजा की शादी उनके साथ हुई है। आरोप है कि राजा मोहन सिन्हा को झांसे में लेकर दूसरी बेटी मनीषा, दामाद पंकज, बेटे विकास और विशाल ने 1.20 करोड़ के मकान को बेच दिया। विशाल और विकास दोनों एनआरआई है। राजा मोहन सिन्हा और उनकी दूसरी पत्नी की भी मौत हो चुकी है। दूसरी पत्नी के बच्चों ने हिस्सा मांगा तो इंकार कर दिया। थाना प्रभारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कोहरे के चलते ट्रेनें लेट, लोग निरस्त करा रहे टिकट
कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। ट्रेनों के दस-दस घंटे तक से देरी से चलने पर लोग अपना टिकट कैंसिल करा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार रोजाना बीस से लेकर तीस हजार तक की टिकट वापस हो रहे है।
पिछले 15 दिनों से अधिकांश ट्रेनें एक से दस घंटे तक लेट चल रही हैं। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मदुरै से चंडीगढ़ के बीच चलने वाली चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस, बांद्रा से हरिद्वार जाने वाली हरिद्वार एक्सप्रेस, कलिंग उत्कल एक्सप्रेस, स्वर्ण मंदिर एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनल सुपरफास्ट, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, शालीमार एक्सप्रेस आदि ट्रेन लगातार देरी से चल रही हैं। इससे समय पर न पहुंच पाने के चलते यात्री अपना आरक्षित टिकट निरस्त करा रहे हैं।