ट्रैफिक पुलिस ने स्कूलों की छुट्टी के समय वेस्ट एंड रोड पर दोपहर 12.30 बजे से डेढ़ बजे तक बाहरी वाहनों को बंद कर रखा है। वेस्ट एंड रोड पर सिर्फ वही वाहन आ जा सकेेंगे जिनमें स्कूली छात्र-छात्राएं आते हैं। वेस्ट एंड रोड पर भूसा मंडी और हनुमान चौक के पास बैरियर लगाकर ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात किए गये। वहीं सोफिया और सेंट मेरीज के पास भी चार स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। सोमवार को टीएसआई डीडी दीक्षित ने वेस्ट एंड रोड पर अलग अलग स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी, ट्रैमो और एंजिल भी लगाईं। लेकिन उसके बाद भी व्यवस्था सुधरी नहीं। यही हाल छीपी टैंक स्थित सेंट थॉमस के बाहर का भी है। जहां वन-वे व्यवस्था तो एक घंटे के लिए लागू कर दी गई। लेकिन बच्चे जाम में फंस रहे।
स्कूल बस का काटा चालान
स्कूलों की छुट्टी के दौरान एक स्कूल की बस बच्चों को लेकर वेस्ट एंड रोड पर पर जा पहुंची। इस पर ट्रैफिक पुलिस ने बस को रोक लिया। टीएसआई दीनदयाल दीक्षित ने बताया कि बस नियम विरुद्घ पहुंची थी जिससे जाम लगा हुआ था। पुलिस ने बस का चालान काट दिया। वहीं वेस्ट एंड पर 23 अन्य वाहनों का चालान काटा गया। जबकि दो कारों को क्रेन से उठाकर पुलिस लाइन भेजा गया। एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई का कहना है कि वेस्ट एंड पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। धीरे-धीरे व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।