सरधना। गांव समसपुर सुरानी निवासी किसान विनोद सुरानी के पुत्र ऋतिक चौधरी ने भदोही में आयोजित प्रदेश स्तरीय कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर मेरठ जिले का नाम रोशन किया। मेरठ लौटने पर ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
भाकियू नेता अंकित डांगी ने बताया कि ऋतिक ने फाइनल मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वी को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी जीत की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने पहलवान के घर पहुंचकर परिवार को बधाई दी और उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया। ऋतिक के पिता विनोद ने बताया कि उनका परिवार मुख्य रूप से खेती पर निर्भर है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटे की कुश्ती की तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ी। स्वागत समारोह में उज्ज्वल, सचिन, राजकुमार, बबलू, मुजफ्फर, कपिल प्रधान, उमेश प्रधान ग्रामीण मौजूद रहे।