जूनियर हाई स्कूल के निकट मैदान में अवैध रुप से लगी साप्ताहिक पैंठ। (मवाना)
बिना सुरक्षा मानकों के लग रही अवैध साप्ताहिक पैंठ से हो सकता है शांति व्यवस्था को खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। नगर में प्रत्येक रविवार को अवैध रूप से लगने वाली साप्ताहिक पैंठ पर अधिकारी अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं। प्रशासन की इसी लापरवाही का फायदा कुछ लोग उठा रहे हैं। किसी दिन बिना किसी सुरक्षा मानकों के लग रही अवैध रूप से साप्ताहिक पैंठ से शांति व्यवस्था को खतरा हो सकता है।
रविवार को लगने वाली साप्ताहिक पैंठ का ठेका बीते वर्ष नगर पालिका द्वारा जाम आदि की समस्या और व्यापारियों के विरोध के चलते नहीं छोड़ा गया था। इसके बावजूद प्रत्येक रविवार को कभी जूनियर हाई स्कूल के निकट मैदान तो कभी गली मोहल्लों और कभी किसी के द्वारा प्राइवेट स्थान पर बिना किसी सुरक्षा मानकों के अवैध रूप से साप्ताहिक पैंठ लगती आ रही है।
इस रविवार को भी तहसील रोड पर जूनियर हाई स्कूल के निकट मैदान में बेखौफ अवैध रूप से साप्ताहिक पैंठ लगी। बिना सुरक्षा मानकों के लग रही साप्ताहिक पैंठ से कभी भी शांति व्यवस्था को खतरा हो सकता है। क्योंकि जब पालिका द्वारा साप्ताहिक पैंठ लगवाई जाती थी तो उस समय पुलिस पैंठ में आने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए तैनात रहती थी। लेकिन अवैध रूप से लगने वाली पैंठ में पुलिस तैनात नहीं रहती है। रविवार को लगी साप्ताहिक पैंठ पर नगर पालिका और पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस कारण पूरे दिन बेखौफ पैंठ लगी रही।
सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि काफी पुलिस कपसाड़ में तैनात है। इस कारण इस ओर ध्यान नहीं दिया जा सका। आगामी रविवार को यदि अवैध रूप से साप्ताहिक पैंठ लगी तो कार्रवाई की जाएगी।