गंगानगर। बीते कुछ वर्षों में वेब सीरीज ने मनोरंजन को एक नई दिशा दी है। फिल्मों और टीवी सीरियल से इतर वेब सीरीज कहानी में नए प्रयोग के साथ ही दर्शकों का ध्यान खींचने वाला कंटेंट दे रही हैं। यही वजह है कि अब हर प्रोड्यूसर और डायरेक्टर वेब सीरीज पर ज्यादा फोकस कर रहे हैं। ऐसे में मेरठ के निर्माता और निर्देशक भी आगामी 18 जनवरी को दोस्ती और दगाबाजी पर आधारित वेब सीरीज आई डील फ्रेंडशिप रिलीज करने जा रहे हैं। प्राइम फिलिक्स मोबाइल एप पर लॉंच हो रही इस वेब सीरीज का पहला सीजन आठ एपीसोड का होगा। इस सीरीज के ज्यादातर एपिसोड की शूटिंग मेरठ में ही हुई है।
आई डील फ्रेंडशिप के प्रोड्यूसर ऋषिराज और डायरेक्टर सुयश छाबड़ा मेरठ के शास्त्रीनगर के रहने वाले हैं। ऋषिराज ने बताया कि आई डील फ्रेंडशिप सीरीज में रोमांस, एक्शन, सस्पेंस और थ्रिलर सभी कुछ दर्शकों को मिलेगा। मेरठ के देवराज वर्मा, राहुल बांड, दीपक मेघानी, वेदांत शर्मा और अमित परमार इस सीरीज में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। सुयश ने बताया कि यह वेब सीरीज अंकुश देसाई की मर्डर मिस्ट्री पर आधारित है। हत्या का आरोपी कुश अंकुश का दोस्त है, जो लंबे समय से नशे का आदि है। कुश पुलिस के सामने लगातार खुद को बेगुनाह बताते हुए यह कहता है कि अंकुश की हत्या उसने नहीं बल्कि एक भूत ने की है। अब कुश खुद को बेगुनाह साबित कर पाता है या नहीं यह वेबसीरीज देखकर ही पता चलेगा।
ऋषि राज आर्य फिल्मस व द शोमैन स्टूडियो के बैनर तले बनी इस सीरीज की शूटिंग मेरठ की पामग्रीन कॉलोनी, वीनस गार्डन, शास्त्रीनगर विद्या मंदिर और गंगानगर स्थित आईआईएमटी विश्वविद्यालय में हुई है। ट्रेलर एक जनवरी को लॉन्च हो चुका है। लेखक सुधीर कुमार का कहना है कि आई डील फ्रेंडशिप की कहानी लोगों के दिलों को छू जाएगी।