आज और कल भी बारिश के आसार
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से वेस्ट यूपी में मौसम ने पलटी मार दी। दो दिन से वेस्ट यूपी में फिर से मौसम बिगड़ा हुआ है। बारिश का दौर गुरुवार की शाम से शुरू हुआ और रातभर रुक-रुककर होती रही। शुक्रवार को दोपहर तक बूंदाबांदी हुई। शाम को फिर से बारिश शुरू हो गई। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। 24 घंटे में दिन के तापमान में 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. यूपी शाही का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में अभी अगले 24 घंटे रुक रुक कर बारिश होने के आसार हैं। 2 अप्रैल को पुन: सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण 3-4 अप्रैल को तेज हवा के साथ बारिश की संभावना बन रही है।
आफत की बारिश से शहर से लेकर देहात तक लोग परेशान हैं। खेतों में फसलें गल रही हैं और बिजली भी झटके दे रही है। गुरुवार रात से शुक्रवार रात दस बजे तक 28.4 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। शनिवार को बूंदाबांदी के आसार हैं, वहीं 3-4 अप्रैल को फिर से तेज बारिश की संभावना जताई जा रही है।
सरसों और गेहूं की फसल को फिर हुआ नुकसान
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. एन सुभाष का कहना है कि बारिश के चलते सरसों और गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। अभी भी कुछ किसानों की सरसों की फसल खेत में पड़ी हुई है, जिसे किसान नहीं उठा सके हैं। उसके भीगने से उसमें काफी नुकसान होगा। गेहूं की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचेगा।