मेरठ। हम सात वचनों का पालन करेंगे और कोरोना से जीतेंगे। ये बोल हैं शहरवासियों के। प्रधानमंत्री की ओर से कहे गए सात वचन (सप्तपदी) का पालन करने के लिए हर देशवासी तैयार है। अमर उजाला ने भी इसी प्रकार शहरवासियों से इन सात वचनों का पालन करने का आह्वान किया है। जिससे सभी सुरक्षित रहें। शहरवासियों का कहना है कि जब प्रधानमंत्री पूरे देश की सेवा कर रहे हैं तो हम अपने बुजुर्गों की सेवा करने में आगे रहेंगे। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को लॉकडाउन तीन मई तक के लिए बढ़ा दिया है। ऐसे में इस लड़ाई में आगे बढ़ने के लिए हमें अपने बुजुर्गों और अपना ध्यान रखना जरूरी है। इसके लिए अमर उजाला ने एक दिन पहले शहरवासियों से मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने की अपील की थी। प्रधानमंत्री ने भी अपने संबोधन में इस बात का जिक्र किया। अगर कोरोना को भगाना चाहते हैं तो आप भी जुड़िये इस मुहिम से। आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करें। साथ ही अपने बुजुर्गों की सेवा करते हुए मोबाइल नंबर 8057725539 पर फोटो शेयर करें।
ये आए आगे और की तारीफ
-हमारे प्रधानमंत्री जब पूरे देश की सेवा कर रहे हैं तो हमारा भी दायित्व है कि इस कठिन दौर में हम अपने बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। - मथुरा दत्त जोशी/ भवानी देवी
-प्रधानमंत्री जी हमेशा देश के लिए सोचते हैं। उन्होंने बुजुर्गों का ध्यान रखा। इसके लिए हम उनके आभारी हैं। - मंजू शर्मा/सीता राम
-हम अपनी दादी का हमेशा से ही ध्यान रखते हैं। प्रधानमंत्री ने ऐसा कहकर हमारा मनोबल बढ़ाया है। उन्हें सभी की चिंता है। - सचिन चौधरी/ दयावती
-ऐसा प्रधानमंत्री कभी नही देखा। इन्हें सभी की चिंता है। हम उनके सातों वचनों का पालन करने के लिए तैयार हैं। - प्रथम अग्रवाल/ कुसुम गुप्ता
-एप डाउनलोड करना हमारा कर्तव्य है। अमर उजाला इस मुहिम को प्रधानमंत्री के साथ लेकर चल रहा है। मैंने डाउनलोड कर लिया। - ममता जोशी
-हमने प्रधानमंत्री के कहने पर मोबाइल में तुरंत इस एप को डाउनलोड किया। - वैभव साहू
-इस एप के माध्यम से हम कोरोना से सुरक्षित रह सकते हैं। मैंने भी प्रधानमंत्री के सात वचन में से एक का पालन तुरंत किया। - शिवम
लॉकडाउन में सप्तपदी का ध्यान
1. बुजुर्गों का ख्याल
2. घर में बने फेस मास्क का प्रयोग
3. रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाएं
4.आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करें
5. गरीबों की मदद करें
6. किसी को नौकरी से न निकालें
7. कोरोना योद्धाओं का सम्मान