संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। क्षेत्र के खिवाई कस्बे में नालियों के अवरुद्ध होने से जलभराव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। गांव की कई गलियों और मोहल्लों में गंदा पानी भर जाने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को घरों से निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बच्चों और बुजुर्गों के लिए स्थिति और भी कठिन हो गई है।
नगर के लोगों का कहना है कि वर्षों से घरों का पानी जिस नाली के माध्यम से बाहर निकलता था, उसे कुछ लोगों द्वारा बंद कर दिया गया है। इस कारण जल निकासी पूरी तरह ठप हो गई है और गंदा पानी गलियों में भरा होकर बदबू फैला रहा है। जलभराव के चलते मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। इससे बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई मकानों में सीलन बढ़ने के साथ-साथ दीवारों में दरारें आने लगी हैं।
स्थानीय निवासियों को डर है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उनके घरों को भारी नुकसान हो सकता है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से गांव में पहुंचकर निरीक्षण करने, बंद नालियों को खुलवाने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।