- एक किलो मीटर लंबी सड़क छह साल पहले बनवाई गई थी
-सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव में भेजने का बार दिया जा चुका आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
गंगानगर। मवाना रोड कसेरू बक्सर टेंपो स्टैंड से अम्हैड़ा गांव का करीब एक किलो मीटर लंबी सड़क पिछले तीन सालों से टूटी है। इस पर पैदल आवाजाही बंद हो गई है। जब स्थानीय लोग सड़क बनवाने की मांग करते हैं तो सड़क को प्रस्ताव में भेजने की बात कही जाती है। परंतु कोई कार्रवाई नहीं होती। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह रास्ता आधा दर्जन गांव व करीब 10 कॉलोनियों का मुख्य रास्ता है। वहीं, ग्राम प्रधान ने समस्या की अनदेखी पर धरना का एलान कर दिया है।
अम्हैड़ा ग्राम प्रधान ऋचा सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर सीडीओ, एमडीए, सांसद सभी से मुलाकात कर चुके हैं। प्रधान के मुताबिक, सड़क के बाएं ओर एमडीए की रक्षापुरम कॉलोनी है। जिसके प्लॉट के गेट इसी रोड पर खुले हैं, इनकी सीवर लाइन, पानी की लाइन इसी सड़क के अंदर हैं, परंतु फिर भी मेडा सड़क निर्माण से पल्ला झाड़ लेता है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग भी गांव के बाहर वृंदावन कॉलोनी से दौराला टोल तक सड़क की जिम्मेदारी लेता है। इस एक किलोमीटर लंबी सड़क की कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हैं। करीब पांच साल पहले यह सड़क ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने बनाई थी। वहां के अधिकारियों का कहना है कि जब विधायक या सांसद निधि उपलब्ध करा देंगे, तो विभाग सड़क निर्माण करा देगा। रोबिन सिवाच, कुमरपाल, रवि के मुताबिक आए दिन इन गड्ढों में गिरकर बाइक सवार घायल हो रहे हैं। पैदल तो निकला बंद ही हो गया है।
जल्द धरना शुरू करेंगे : ग्राम प्रधान
प्रधान ऋचा सिंह के मुताबिक, यह समस्या बड़ी है। कोई भी सुनने को तैयार नहीं हैं। गांव के लोग हमसे शिकायत करते हैं जबकि गांव के अधिकार क्षेत्र में यह सड़क नहीं हैं। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए जल्द धरना शुरू किया जाएगा। जब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब धरना जारी रहेगा।