निगम में अधिकारी न मिलने पर धरने पर बैठे राष्ट्रवादी समिति के सदस्य, नगर आयुक्त को ज्ञापन भेजा
-बोले-छात्र-छात्राओं को हो रही परेशानी, अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
माधवपुरम में स्ट्रीट लाइटें खराब और मजीदगन में जलभराव की समस्या उठाई
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। रेलवे रोड स्थित केके इंटर कॉलेज में गंदगी और जलभराव से छात्र-छात्राएं परेशान है। इसको लेकर सोमवार को अखिल भारतीय राष्ट्रवादी सेवा समिति ने नगर निगम में हंगामा किया। निगम में अधिकारी न मिलने पर धरना प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की ओर धरना देकर बैठ गए। बाद में समिति के सदस्यों ने नगरायुक्त सौरभ गंगवार के नाम ज्ञापन दिया।
अखिल भारतीय राष्ट्रवादी सेवा समिति के संस्थापक हर्ष वशिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ नारेबाजी करते हुए नगर निगम में पहुंचे। हर्ष वशिष्ठ ने रेलवे रोड स्थित केके इंटर कॉलेज में गंदगी और जलभराव, माधवपुरम में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और मजीद नगर में जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की। कहा कि कॉलेज परिसर में गंदगी और जलभराव के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
माधवपुरम क्षेत्र में कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब हैं। शाम होते ही कई स्थानों पर अंधेरा छा जाता है। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी के साथ सुरक्षा को लेकर भी चिंता रहती है। उन्होंने बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की जांच कराकर तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। समिति के सदस्यों ने नगर निगम परिसर का मुआयना किया, जहां पर गंदगी मिली। अधिकारी अपने कार्यालय में न मिलने के चलते हर्ष अपने साथियों के साथ दूसरी मंजिल पर लेखा विभाग के सामने धरने पर बैठ गए। समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। बाद में निगम के कर्मचारियों ने ही समिति से ज्ञापन लिया।