मेरठ विकास प्राधिकरण जोन ए के जोनल अधिकारी व तहसीलदार करन वीर सिंह ने मंगलवार को कई अवैध निर्माणों पर सील लगा दी। इनमें एक फन एंज्वॉय वाटर पार्क, चार स्वीमिंग पूल सहित सात अवैध निर्माण शामिल हैं।
जोन ए की इस बड़ी कार्रवाई में लिसाड़ी रोड स्थित डॉलफिन स्वीमिंग प्वाइंट का अवैध निर्माण जिसे मो. शफाकत व लिफाकत द्वारा किया जा रहा था। वहीं पिलोखड़ी रोड स्थित उज्जव गार्डन के पास फन एंज्वॉय वाटर पार्क का अवैध निर्माण हाजी मुकीम द्वारा किया जा रहा था। वहीं मेरठ-दिल्ली रोड स्थित जेपी रिसोर्ट में स्वीमिंग पूल का अवैध निर्माण दिनेश कुमार तथा मंगतपुरम में स्वीमिंग पूल का नीरज अग्रवाल द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा था। इसके अलावा खत्ता रोड स्थित रशीद नगर में शफीक अलवी स्वीमिंग पुल का अवैध निर्माण कर रहे थे। वहीं कोटला बाजार में मो. दानिश, पिलोखड़ी रोड स्थित खुशहाल नगर में मो. आलम द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को प्राधिकरण टीम ने सील कर दिया है। इस दौरान नोडल अधिकारी व सहायक अभियंता नीरज कुमार अवर अभियंता राजेश त्यागी, राकेश महलवाल, वेद प्रकाश अवस्थी, नरेश कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।