इरफान के मोबाइल फोन में हत्या का राज छिपा है। पुलिस भी मोबाइल कॉल और दधेडू खुर्द में बैंक और धार्मिक स्थलों में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर हत्यारोपी तक पहुंचने में जुटी है। इन्हीं क्लू के आधार पर पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है। सूत्रों के मुताबिक मृतक इरफान के मोबाइल फोन पर शुक्रवार शाम और शनिवार सुबह फोन पर सुन्नत कराने के लिए कॉल आई थी। उसके बाद दधेडू खुर्द में उसकी बाइक के पीछे एक व्यक्ति बैठा हुआ देखा गया। उसके बाद दधेडू से मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर हत्या कर शव को सड़क में फेंककर आरोपी फरार हो गए।
अरसे से थाने में चौकीदार था
इरफान करीब दो दशक से थाने में चरथावल देहात गांव के चौकीदार के पद पर तैनात था। इसके साथ सुन्नत का कार्य भी करता था। पति की मौत के खबर लगने पर उसकी पत्नी इरफाना का रो-रोकर बुरा हाल है। इरफान के छह लड़के और चार बेटियां हैं, जिनमें दो लड़के और एक लड़की अविवाहित है। पिता इसराइल काफी बुजुर्ग है, जो गांव में जाकर पशुओं की बीमारी का इलाज करते है। हाल में मृतक के दो बेटे शाहआलम और नौमान सऊदी अरब में नौकरी पर हैं। बड़े लड़के गुलफान ने अज्ञात में हत्यारोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
चरथावल में चौकीदार की गोली मार कर हत्या की गई है। पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जल्द हत्या की वारदात का खुलासा किया जाएगा। - अभिषेक यादव -एसएसपी