मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शराब पीने का विरोध करने पर वार्ड बॉय रिंकू कुमार निवासी गांव अटौरा और बीच बचाव में आए वार्ड बॉय सत्यम के साथ मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इमरजेंसी में तैनात वार्ड बॉय रिंकू कुमार और सत्यम अपनी ड्यूटी कर रहे थे। शाम को गांव पचपेड़ा निवासी दूसरे समाज के चार पांच युवक ऑटो से स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे और शराब पीने लगे। जिस पर रिंकू कुमार ने ऑटो सवारो से केंद्र से बाहर जाकर शराब पीने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर ऑटो सवारों ने उसके साथ मारपीट की। शोर शराबा सुनकर दूसरा वार्ड बॉय सत्यम भी मौके पर पहुंच गया। जिस पर ऑटो सवार युवकों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। स्वास्थ्य केंद्र पर मारपीट की जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी की। रिंकू कुमार ने चार पांच युवकों के खिलाफ थाने पर तहरीर दी है।