बिजनौर, नगीना। करीब नौ माह पहले विभाग ने नगीना से कोटद्वार के लिए दो बसों का संचालन शुरू किया था, लेकिन धरातल पर बसें दो दिन भी नहीं चल सकीं। अब यात्री निर्धारित समय पर बस का इंतजार करते हैं लेकिन बस का कोई अता पता नहीं चलता।
पिछले साल 20 दिसंबर को विधायक मनोज पारस ने विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में नगीना से कोटद्वार के लिए दो बस चालू किए जाने का फीता काटकर उद्घाटन किया था। उस समय विभाग के अधिकारियों ने बताया था कि नजीबाबाद डिपो की दो बसें प्रतिदिन नगीना से कोटद्वार के लिए जाया करेंगी। यह भी बताया गया था कि एक बस प्रतिदिन कालागढ़ से धामपुर-नगीना रोडवेज बस स्टैंड होते हुए कोटद्वार जाएगी, जबकि दूसरी धामपुर से नगीना होते हुए कोटद्वार जाएगी।
एक बस का समय नगीना में सुबह सात बजे तथा दूसरी का आठ बजे बताया गया था। लेकिन परिवहन निगम के अधिकारियों ने दोनों बसों ने उद्घाटन के बाद नगीना की तरफ रुख नहीं किया। दैनिक यात्रियों गौरव शर्मा, सुभाष कुमार, फहीम अहमद, मुनीर आलम, मोहम्मद ताबिश आदि का कहना है कि वह पिछले काफी समय से कई बार बताए गए समय पर रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे लेकिन उन्हें कभी भी नगीना से कोटद्वार जाने की बस उपलब्ध नहीं हुई।
नजीबाबाद एआरएम राजेश सिंह का कहना है कि वह इसे दिखवाएंगे कि आखिर बस नगीना क्यों नहीं जा रही है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के नगर अध्यक्ष विकास मल्होत्रा का कहना है कि परिवहन निगम के अधिकारियों को नगीना से कोटद्वार के लिए चालू की गई बसों को सुचारू कराया जाना चाहिए ताकि दैनिक यात्रियों को लाभ मिल सके।
सपा विधायक मनोज पारस का कहना है कि नगीना से कोटद्वार के लिए चालू कराई गई बसें आखिर क्यों नहीं चल रही है, इसके बारे में वह परिवहन मंत्री व विभाग के अधिकारियों से शीघ्र मिलकर शिकायत करेंगे।