कैराना। ऊंचागांव में बनने वाले पीएसी 50वीं वाहिनी कैंप के निर्माण के लिए सोमवार को भूमि पूजन किया गया। इसके लिए शासन द्वारा 378 करोड़ पास किए गए थे। 233.42 करोड़ की लागत से आवासीय व अनावासीय भवनों का निर्माण कराया जाएगा।
भाजपा के तत्कालीन सांसद स्वर्गीय बाबू हुकुम सिंह ने कैराना व कांधला की जनता को सुरक्षित वातावरण देने के लिए पीएसी वाहिनी की स्थापना की मांग की थी। 2018 में हुए उपचुनाव में शामली जनसभा में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांधला व कैराना के बीच पीएसी वाहिनी की स्थापना की घोषणा की थी। जिसके बाद प्रशासन ने ऊंचागांव में पीएसी वाहिनी व कांधला के गुर्जरपुर में फायरिंग रेंज के लिए कुल 31.7199 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की गई। 2021 में विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में जनसभा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएसी बटालियन के निर्माण के लिए वर्चुअल आधारशिला रखी थी, लेकिन बजट के अभाव में कार्य प्रारंभ नहीं हो सका था। पिछले साल सितंबर 2023 को प्रदेश सरकार की कैबिनेट की बैठक के दौरान पीएसी वाहिनी के लिए कुल 378 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति की गई थी। बजट अवमुक्त होने के बाद इंदौर की कंस्ट्रक्शन कंपनी कल्याण टोल के नाम से 233.42 करोड़ का टेंडर हुआ।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को छठी वाहिनी पीएसी मेरठ के सेनानायक आईपीएस डॉक्टर धर्मवीर सिंह पीएसी कैंप की भूमि पर पहुंचे। जहां पर पंडित राहुल कौशिक व अनुज भारद्वाज ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भूमि का पूजन कराया। भूमि पूजन के बाद उक्त भूमि पर आवासीय व अनावश्यक भवनों के निर्माण कार्य शुरू कर दिए गए हैं।कहा कि जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर जयचंद शर्मा, सुधीर कुमार, सैन्य सहायक सूबेदार संदीप कुमार आर्य, अनुज शर्मा, पीडब्लूडी से आकाश उत्तम, जेई कालूराम व ऊंचागांव से राजकुमार चौहान व रामश्याम आदि मौजूद रहे।