मेरठ। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने 2.5 फीसदी मंडी शुल्क वसूली के विरोध में सोमवार को प्रदेश की समस्त गल्ला, फल एवं सब्जी मंडी बंद करने की अपील की है। प्रदेश भर की मंडियों में 2 से 2.5 फीसदी पर कारोबार होता है। ऐसे में प्रतिस्पर्द्धा में कारोबार का संपूर्ण मुनाफा शुल्क में चला जाएगा।
जिलाध्यक्ष विष्णुदत्त पाराशर ने कहा कि प्रदेश में मंडी शुल्क वसूली से मंडी व्यापार को पूर्ण रूप से खत्म करने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश सरकार को व्यापारी हित में कार्रवाई करनी चाहिए। इस दौरान संगठन पदाधिकारी नवीन गल्ला मंडी, फल मंडी, सब्जी मंडी पदाधिकारियों से मिले और सोमवार को मंडी बंद रखने की अपील की गई। विष्णुदत्त पराशर ने कहा कि नवीन मंडी, लोहियानगर मंडी आदि के व्यापारियों ने संगठन को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया है। इस दौरान राजकुमार मदान, अनिल पुरोहित, अतीक अल्वी, राकेश सैनी, विनोद त्यागी आदि मौजूद रहे।
काली पट्टी बांधकर करेंगे प्रदर्शन
नवीन मंडी व्यापार मंडल के महामंत्री गिरीश अग्रवाल ने कहा कि मंडी में 2.5 फीसदी शुल्क वसूली के चलते व्यापारी पलायन कर रहे हैं। ऐसे में मंडी व्यापार पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। इसलिए मंडी शुल्क वसूली बंद की जानी चाहिए। व्यापारी काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे। संगठन पदाधिकारियों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन भेजा है।
सांसद को समस्या से अवगत कराया
संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता नटराज ने कहा कि मंडी शुल्क वसूली के संबंध में सांसद को अवगत कराया है। इस संबंध में सांसद से वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल ठाकुर की भी बातचीत हुुई है। संगठन पदाधिकारी सोमवार को मंडी व्यापारियों से मिलेंगे और बैठक करके आगे की रणनीति तैयार करेंगे।