मेरठ। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (पीएमएस) उत्तर प्रदेश की केंद्रीय कार्यकारिणी के वर्ष 2026-27 के चयन की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य चुनाव समिति के निर्देशानुसार मेरठ में मतदान 22 जून को होगा। चुनाव निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला चुनाव अधिकारी/ जिला रिटर्निंग अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने तैयारियां पूरी करने का दावा किया है। डॉ. फौजदार ने बताया कि मतदान सुबह 9 से शाम छह बजे तक सीएमओ सभाकक्ष में होगा। उन्होंने बताया कि कुल दस पदाधिकारियों का चुनाव होगा। इसमें एक अध्यक्ष, पांच उपाध्यक्ष, एक-एक महासचिव, अपर महासचिव, वित्त सचिव और संपादक के लिए मतदान होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेवानिवृत्त सदस्य इस चुनाव में न तो वोट डाल सकेंगे और न ही पद धारण करने के हकदार होंगे। डिप्टी रजिस्ट्रार, चिट एंड फंड सोसाइटी लखनऊ के आदेशानुसार केवल नोटिफाइड सेवारत आजीवन सदस्य ही मतदान प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र हैं। ब्यूरो