सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट स्कूल में होगा आयोजन, 25 को भव्य समापन होगा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट स्कूल कंकरखेड़ा में आज से सीआईएससीई क्षेत्रीय वालीबाल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन होने जा रहा है। तीन दिवसीय इस टूर्नामेंट का शुभारंभ रविवार को होगा जो मंगलवार 25 अगस्त तक चलेगा।
यह जानकारी शनिवार को स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर मारिशा और खेल प्रशिक्षक संदीप चौधरी ने आयोजन और टूर्नामेंट को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को टूर्नामेंट को लेकर पंजीकरण हुए। इस टूर्नामेंट में प्रदेश के विभिन्न 11 क्षेत्रों/जोन प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर नॉर्थ, वाराणसी, लखनऊ साउथ, बरेली, लखनऊ नॉर्थ, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद और कानपुर साउथ से टीमें भाग ले रही हैं। तीनों आयु वर्गों (अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19) में 33 टीमों के 396 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करेंगे। सीआईएससीई स्पोर्ट्स पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत खिलाड़ियों के पहचान पत्र डाउनलोड कर लिए गए हैं। इस मौके पर प्रधानाचार्य सिस्टर मारिशा ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षक व अन्य स्टाफ ने खेल की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह टूर्नामेंट का शुभारंभ होगा और उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा।