सहारनपुर मंडल आयुक्त सीपी त्रिपाठी ने कहा कि वर्षा का 70 प्रतिशत पानी समुद्र में जाकर खारा हो जाता है इसलिए वर्षा के जल को संरक्षित करने की जरूरत है। बरसात के दौरान इस नदी में अधिक मात्रा में पानी बहता है। यह हिंडन नदी में पानी का मुख्य स्रोत है। उन्होंने कहा कि हम बारिश का पानी सहेज लें तो हिंडन को निर्मल कर सकते हैं। डीएम मेरठ अनिल ढींगरा ने बताया कि हिंडन नदी की प्रमुख सहायक नदी पॉवधोई नदी है। इसके अलावा काली नदी (पश्चिमी), कृष्णा नदी हैं। जबकि सहायक धाराएं बरसनी, सपोलिया, छज्जेवाली, पीरवाली, कोठरी, अंधाकुन्डी व स्रोती हैं। ये सभी मिलकर ही हिंडन को नदी बनाती हैं।
उद्योगों पर अंकुश
डीएम सहारनपुर पीके पांडेय ने कहा कि सहारनपुर के 89 ग्राम हिंडन किनारे हैं। जनपद में 91 किमी की लंबाई में हिंडन व्याप्त है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनपदों में हिंडन व उसकी सहायक नदी के किनारों पर विभिन्न प्रकार के 316 उद्योग स्थापित हैं। इनमें 14 चीनी मिलें, 08 डिस्टलरी, 41 पल्प एवं पेपर, 16 स्ट्रा बोर्ड, 06 स्लाटर हाउस, 05 फ्रोजन मीट पैकेजिंग, 04 डेरी, 06 चमड़ा, 105 टैक्सटाइल, 01 थर्मल पावर प्लांट, 39 इलैक्ट्रो प्लेटिंग गैलवेनाइजिंग व 71 अन्य हैं। नगरीय क्षेत्रों में विभिन्न स्थलों में लगभग 68 नाले गिरते हैं।
तालाब कर सकते हैं हिंडन को जिंदा
पर्यावरण विशेषज्ञ डा. दिनेश कुमार ने कहा कि इस नदी को पुनर्जीवित करने के लिए तालाबों को पुनर्जीवित करना जरूरी है। उन्होंने डकविड प्रणाली, वेटलैंड प्रणाली व करनाल प्रणाली से गन्दे पानी के उपचार एवं पुन: उपयोग पर प्रकाश डाला। बुलन्दशहर के प्रगतिशील किसान भारत भूषण त्यागी ने जैविक खेती पर प्रकाश डाला। लखनऊ से आई संस्थान के प्रतिनिधि मेवालाल ने ड्रम डी-कम्पोस्टिंग व नगरीय ठोस अपशिष्ट एवं ग्राम अपशिष्ट प्रबंधन पर प्रकाश डाला। मिस एना व जिला वन अधिकारी अदिति शर्मा ने भी अपने विचार रखे। इस मौकेपर हिंडन से जुड़े सातों जनपदों के अधिकारियों में डीएम मेरठ, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर व सीडीओ गौतमबुद्धनगर, बागपत व गाजियाबाद ने अपने-अपने जनपदों में अभियान के तहत कराए जा रहे काम पर प्रकाश डाला।
रागिनी पेश की
इस अवसर पर आयुक्त मेरठ व सहारनपुर में निर्मल हिंडन अभियान में सहयोग करने के लिए प्रसिद्ध रागिनी गायक ब्रहमपाल नागर ने जय जय हरनंदी माई रागिनी पेश की। इस मौके पर हिंडन वेबसाइट भी लांच की गई। वेबसाइट बनाने वाले संजीव व हिंडन डॉक्यूमेंट्री बनाने वाले सनी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
ये रहे मौजूद
डीएम मुजफ्फरनगर राजीव शर्मा, शामली इंद्र विक्त्रस्म सिह, सीडीओ मेरठ आर्यका अखौरी, बागपत चांदनी सिंह, मुजफ्फनगर, संयुक्त विकास आयुक्त एबी मिश्र, एडीएम सत्य प्रकाश पटेल, आनन्द कुमार, रमन त्यागी, अमित अग्रवाल, विपुल सिंघल, अंकुश चौधरी सहित अन्य अधिकारीगण, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, प्रगतिशील किसान आदि लोग उपस्थित रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/